221 2121 1221 212
अपने हर एक रंग दिखाना सही सही
जब जिंदगी तू आना तो आना सही सही /1/
कोशिश तो मुस्कुराने की हमने भी की है खूब
तस्वीर जिंदगी तू बनाना सही सही /2/
नादानियाँ मैं बेचने निकला हूँ देख ले
मंहगे बहुत हैं दाम लगाना सही सही /3/
वो झूठ बोलता है अदाकार है बड़ा
थे मौन कौन कौन बताना सही सही /4/
फुटपाथ पर है सोता मेरा मुल्क आज भी
सच्चाई सबके सामने लाना सही सही /5/
बेतुक बयानगी में मत उलझा तू अब इन्हें
संगीन मसअले हैं उठाना सही सही /6/
बाटेंगे तुमको भगवा सफेद और हरे में वो
तुम दम तिरंगे पर ही लगाना सही सही /7/
दिखला के झूठे ख्वाब न भरमा तू हर समय
दिन आएंगे कब अच्छे बताना सही सही /8/
जो जिंदगी थी जी के हमें वो गुजर गयी
अब जी रहें हैं क्या ये न जाना सही सही /9/
माँ की मुहब्बतों की नही है मिसाल पर
तू बाप के भी दर्द सुनाना सही सही /10/
ढूंढे सताने वास्ते जब वो बशर कोई
कासिद तू मेरा नाम बताना सही सही /11/
No comments:
Post a Comment