Friday, 6 October 2023

मौन जिम्मेदार सारी हस्तियाँ खामोश हैं

2122 2122 2122 212 
मौन  जिम्मेदार   सारी    हस्तियाँ    खामोश हैं
मुल्क की  इस  दुर्दशा  पर  कुर्सियाँ खामोश हैं/1/

जी दहल उट्ठा समय का खलबली सी मच गई
देख  किस्सा  खौफ़ तारी  सुर्खियाँ  खामोश हैं/2/

जंग जारी है निरंतर  बद व्यवस्था के खिलाफ़
त्रस्त  जनता है   मगर  नाकामियाँ  खामोश हैं/3/

रुख हवाओं का जिधर देखा उधर के हो लिए
देख कर  हालात  अपने   मर्ज़ियाँ  खामोश हैं/4/

रोज़ मर्रा   जिंदगी  से   रोज़  होता  हूँ  खफ़ा
दर्द  से है  दोस्ताना     सिसकियाँ  खामोश हैं/5/

भीड़ है  यूँ तो बहुत  लेकिन कोई जज्बा नही
आदमी की  शक्ल है  पर नेकियाँ खामोश हैं/6/

जंग और सर्कस   तमाशों की कहानी जिंदगी 
चैन राहत और सुकूं की झलकियाँ खामोश हैं/7/

No comments:

Post a Comment