2122 1122 1122 22
गर नही कुछ भी बुरा इतना तो अच्छा क्या है
तेरी दुनिया में खुदा रोज़ तमाशा क्या है/1/
अब तो बच्चे भी सिहरने हैं लगे देख ये सब
हर गली मोड़ पे ही शोर शराबा क्या है/2/
सहमे सहमे से दिखे खौफ़ जदा चेहरे सभी
कैसे हालात ये सुधरेंगे इशारा क्या है/3/
सोग के घर में बयानों के हैं मातम पसरे
ऐ सियासत तू बता तेरा इरादा क्या है/4/
तू पयंबर है फकत अम्नो अमां का साहब
फिर तेरा फित्नो फसादों से ये रिश्ता क्या है/5/
मेरी आंखों को न तुम ख्वाब दिखाओ कोई
मै हूँ बेचैन बहुत भूख से चर्चा क्या है/6/
मत सुनाओ हमें झूठे ये फसाने छोड़ो
रोज़ सुनते हैं ये किस्से तो नया सा क्या है/7/
एक मुद्दत से वो रोया ही नही था जैसे
जब वो रोया तो गया भूल तरीका क्या है/8/
रूठने टूटने का हक नही होता है उसे
जिम्मेदारी का जो मतलब है समझता क्या है/9/
कैसे मुमकिन है बिछड़ तुझसे रहें हम जिंदा
सांस चलती है नही जानते जीना क्या है/10/
है अभी दूर बहुत दूर तलक जाना हमें
ये समझने को तू आखिर मेरा लगता क्या है/11/
जब बरसने लगे बूंदों की तरह लफ्ज़ कभी
भीग जाता कोई मौसम हो जिगर का क्या है/12/
No comments:
Post a Comment