2122 1212 22
इतना सहमा डरा जिगर क्यूँ है
खौफ़ में बस्तियाँ डगर क्यूँ है/1/
क्यूँ है उतरा हर एक चेहरा यहाँ
फासला आज इस कदर क्यूँ है/2/
जुर्म संगीन ही हुआ है कुछ
वरना आंखे यूँ तर ब तर क्यूँ है/3/
खूब की आपने तरक्की फिर
सांस लेना भी अब दुभर क्यूँ है /4/
काट डाला था कल दरख़्तों को
आज लाचार हर बशर क्यूँ है/5/
कहकशां तक पहुंच थी कल तेरी
आज मुश्किल जरा सफर क्यूँ है/6/
कुछ दुआ या दवा न काम आयी
जिंदगी इतनी मुख्तसर क्यूँ है/7/
घुप्प अंधेरा है हर तरफ या रब
रोशनी कर दे बे खबर क्यूँ है/8/
कह रहा है निजाम ठीक है सब
त्राहि-त्राहि फिर इस कदर क्यूँ है/9/
चाक चौबंद अगर व्यवस्था है
भीगी भीगी सी हर नजर क्यूँ है/10/
वेंटिलेटर पे सारा सिस्टम है
हुक्मराँ इतना बेखबर क्यूँ है/11/
वो रहा है मेरी दुआओं में
उसके दिल में भरा जहर क्यूँ है/12/
No comments:
Post a Comment