1222 1222 1222 1222
किसी के काम आ जाए कहीं कुर्बान हो जाए
बने हिन्दू बने मुस्लिम मगर इंसान हो जाए/1/
मिली है आदमी की जिंदगी तो कर गुजर कुछ वो
करे कल याद दुनिया फक्र से सम्मान हो जाए/2/
न बैठो हाथ पर धर हाथ अपना हार कर हिम्मत
करो कुछ तो जतन ऐसा कि सब हैरान हो जाए/3/
चखा हो स्वाद जिसने भूख का क्या जायका जाने
उसे मिल जाए रूखी सूखी बस अहसान हो जाए/4/
बढ़ाओ हाथ तो इमदाद को मौका दिया रब ने
मुकम्मल इस बहाने ही तेरा ईमान हो जाए/5/
बचा लो आज अपने आप को इतना बहुत है बस
जरा सी गलतियों से ना बड़ा नुकसान हो जाए/6/
कभी तो मैं से बाहर भी निकल कर देख लो भइया
खबर क्या खुद से ही अपनी कहीं पहचान हो जाए/7/
बड़े गंभीर हैं हालात विपदा ये भयावह है
गुजारो सावधानी से जरा आसान हो जाए/8/
No comments:
Post a Comment