221 2121 1221 212
हर दिन के हादसों ने संभलने नही दिया
मुश्किल ने दौरे हाल बदलने नही दिया/1/
अच्छा लगा ये सुन के कि कुछ दाम बढ़ गये
रिश्तों को खोटे सिक्को ने चलने नही दिया/2/
उत्सव कहा गया है ये मातम के दौर को
कुछ इस तरह भी दर्द मचलने नही दिया/3/
कीमत यहाँ पे आजकल बस पैरहन की है
किरदार खुश्बू दार निकलने नही दिया/4/
कतरा तलक निचोड़ तो डाला है जिस्म से
बस आखिरी में जान निकलने नही दिया/5/
हाकिम तो कह रहा था कि सब ठीक है मगर
सच्चाइयों ने झूठ को चलने नही दिया/6/
हैरान हूँ मैं वक़्त की मुस्तैदी देख कर
लम्हों ने कोई दर्द फिसलने नही दिया/7/
कितनी हो रात स्याह गुजर जाएगी जरूर
हमने कभी यकीन को ढलने नही दिया/8/
No comments:
Post a Comment