2122 1122 1122 22
किसने देखा है किसे कौन कुचल कर आया
ऐसा लगता है कि हर कोई उछल कर आया/1/
फिर न उठ जाए मेरी ओर कहीं उंगली कोई
अब कि आंखों में मेरे अश्क संभल कर आया/2/
एक उम्मीद ज़रा रोशनी की बनती दिखी
देखने शह्र ये सारा ही मचल कर आया/3/
अस्ल किरदार भला कैसे हो पहचान मियां
हर दफ़ा इक वो नया चेहरा बदल कर आया/4/
वक़्त के साथ बदल जाते हैं अहबाब सभी
चांद भी अब कि दफ़ा देखो पिघल कर आया/5/
खुश्बू किरदार की बिखरी है यूँ इफ़रात मियां
मेरा दुश्मन भी मेरे पास पहल कर आया/6/
वो मेरी मौत की ख़्वाहिश है लिए सीने में
उसकी गलियाँ मैं कई बार टहल कर आया/7/
आदमी भूखे न मर जाए वबा से पहले
इन दिनों ये भी नया ख़ौफ़ निकल कर आया /8/
इस क़दर इश्क़ हुआ मुझसे परेशानी को
ढूंढते मुझको वो घर तक मेरे चल कर आया/9/
मिलने-जुलने से तो परहेज़ करो कुछ दिन तक
ऐसी बातों पे भला कौन अमल कर आया/10/
देखता ही मैं रहा रास्ता हर वक़्त मगर
वक़्त हर बार मेरा वक़्त निगल कर आया/11/
No comments:
Post a Comment