221 2122 221 2122
संबंध ताक पर रख किरदार मत बनाओ
रिश्तों को अहमियत दो व्यापार मत बनाओ/1/
मत कीजिए किसी का भी इस्तेमाल बेजा
जज्बात को कभी भी बाजार मत बनाओ /2/
बर्तन जहाँ रहेंगे आवाज भी करेंगे
दिल पर इसे लगा कर दीवार मत बनाओ/3/
जीना है जिंदगी तो आगे की ओर देखो
माज़ी को अपना साथी दिलदार मत बनाओ/4/
इंसानियत गिरा कर दावा तरक्कियों का
ऐसी बुलंदियों को आधार मत बनाओ/5/
मत जिक्र भी करो तुम खुल कर यूँ कुछ कमी की
मजबूरियों को अपने अखबार मत बनाओ/6/
रक्खो सँभाल कर के मुस्कान जिंदगी में
किरदार गम जदा सा बीमार मत बनाओ/7/
पत्थर भी तैर जाते हैं जब कृपा बरसती
नीयत सही रखो मन दो चार मत बनाओ/8/
देखा है हर कदम पर ही हादसा नया सा
अब और हादसों के आसार मत बनाओ/9/
अच्छी तरह परख लो शिद्दत से जांच कर लो
कुछ लोभ में निकम्मी सरकार मत बनाओ/10/
No comments:
Post a Comment