2122 2122 2122 212
अब तरीका कुछ नया भी आजमाना सीखिए
दर्द गर बढ़ने लगे तो मुस्कुराना सीखिए/1/
छोड़िए अब फिक्र सारा एहतियातन मशविरे
जिंदगी जिंदादिली से ही बिताना सीखिए/2/
उम्र गुजरी आपकी बस याद कर कर के उन्हे
आप आओ याद उनको वह बहाना सीखिए/3/
सिलसिला हो खत्म लेकिन गुफ्तगू कायम रहे
इस तरह कुछ पैंतरे भी अब दिखाना सीखिए/4/
एक तरफा ही मुहब्बत यों न होनी चाहिए
आप ख्वाबों में हमारे रोज आना सीखिए/5/
जानते बच्चे शहर के कौन मिट्टी का मजा
आप अपने गांव के किस्से सुनाना सीखिए/6/
जिद नही करते कि बच्चे जान कर हालात सब
हसरतों को आप ऐसे मत दबाना सीखिए/7/
ख्वाब ढोकर आंख भी बोझिल हमारी हो गई
आज ख्वाबों को मुकम्मल कर दिखाना सीखिए /8/
खत्म हो किस्सा मगर चलनी कहानी चाहिए
इस तरह का कुछ हुनर सबको सिखाना सीखिए/9/
याद रखना है सभी तारीख को तारीख पर
आप बस तारीख को ही मत भुलाना सीखिए/10/
No comments:
Post a Comment