221 2121 1221 212
तुमसे लगी है कैसी लगन जानते हो तुम
करने लगे हैं शेरो सुख़न जानते हो तुम/1/
वादे जो बेहिसाब किये थे हमारे साथ
क्या अहमियत हैं रखते वचन जानते हो तुम/2/
ठाना है तेरे ख्वाब न देखेंगे अब कभी
पर चाहता है क्या भला मन जानते हो तुम/3/
रद्दोबदल जो कर रहे हो अपने आप में
कुछ तौरे जिंदगी का चलन जानते हो तुम/4/
कितनी ही साफ़गोई से लिखता है झूठ तू
हँसते है याद कर तेरा फ़न जानते हो तुम/5/
मजबूरियाँ तो जागती रहती हैं रात भर
नींदें निगल गई है नयन जानते हो तुम/6/
दिल से जिगर में जाने का रस्ता खुला भी रख
शिकवों को करना दिल में दफन जानते हो तुम/7/
मत पूछिये हवाएँ क्यूँ मेरे खिलाफ़ है
ख़ामोशियों से होती घुटन जानते हो तुम/8/
बदलाव का है दौर जिधर देखिये हुजूर
हर आदमी है खुद में मगन जानते हो तुम/9/
कस्तूरी रख के पेट में बेचैन है बहुत
दर दर उसे है ढूंढे हिरन जानते हो तुम/10/
आया था जो बदलने को सिस्टम यहाँ पे कल
उसका बदल गया है विज़न जानते हो तुम/11/
क्या जिंदगी के बारे में कुछ भी करें बखान
हर पल बदलती रहती चलन जानते हो तुम/12/
No comments:
Post a Comment