221 2121 1221 212
पेकिंग नयी है माल पुराना है दोस्तों
लगता नया ये साल पुराना है दोस्तों/1/
है भूख बेबसी वही बेचारगी वही
हर आदमी का हाल पुराना है दोस्तों/2/
बदला कहाँ है कुछ भी कलेंडर सिवा यहाँ
हर मोड़ पर बवाल पुराना है दोस्तों/3/
रोगन चढ़ा के दिन को नया कर लिया तो क्या
मालिक तो दिन दयाल पुराना है दोस्तों/4/
नफरत संभाल रक्खा है सीने में हर कोई
सुर ही नया है ताल पुराना है दोस्तों/5/
टेस्टिंग करा के देख लो इंसानियत की भी
निग्टिविटी बहाल पुराना है दोस्तों/6/
कब तक करें यूँ सब्र समय के बदलने का
संघर्ष का सवाल पुराना है दोस्तों/7
जारी है उम्र का तो मुसलसल सफर यहाँ
ख्वाहिश का हर मलाल पुराना है दोस्तों/8/
है कौन मुतमईन यहाँ अपने नसीब से
हर दिल का ये ख़िसाल पुराना है दोस्तों/9/
कोशिश तो है नया ही कहें कुछ यहाँ मगर
हर फिक्र हर खयाल पुराना है दोस्तों/10/
ख़िसाल - स्वभाव
No comments:
Post a Comment