2122 2122 2122
खुद से खुद का ही बिछड़ना देखना था
जिंदगी में और क्या क्या देखना था/1/
जीने खातिर चल रही जद्दोजहद में
मुझको बस इक शख्स जिंदा देखना था/2/
खुद पे था मुझको यकीं पूरा ही लेकिन
बस मुझे तेरा भरोसा देखना था/3/
जानना था गर किसी का हाले-दिल तो
पोस्ट मोबाइल पर उसका देखना था/4/
हम अचानक मिल गये जो रास्ते पर
तुमको उनका मुस्कुराना देखना था/5/
सोचना था करने से पहले मुहब्बत
जेब भारी है कि हल्का देखना था/6/
जिंदगी वाकिफ हैं तेरी हर अदा से
हमको तो बस तेरा लहज़ा देखना था/7/
मसअले सारे सुलझ सकते थे लेकिन
जिम्मेदारों को तमाशा देखना था/8/
ख्वाब हसरत इश्क उम्मीद और वफाई
और बता ऐ उम्र क्या क्या देखना था/9/
रह गई दिल में दबी दिल की तमन्ना
बस हमें इक रोज़ अच्छा देखना था/10/
आज फिर से खुद को समझाया है हमने
दिल को बस कुछ आदमी सा देखना था/11/
ठीक है सब कह रही थी फोन पर जब
तब किसी को माँ का चेहरा देखना था/12/
No comments:
Post a Comment