221 2121 1221 212
मकसद कोई हो ठोस ज़रीआ कोई तो हो
आंखों में जीने वास्ते सपना कोई तो हो/1/
रिश्तों की यूँ तो भीड़ है पर नाम के हैं बस
परवाह करने वाला इक अपना कोई तो हो/2/
चुटकी बजाते हाल बदल जाए दफ्अतन
ऐसा भी जिंदगी में करिश्मा कोई तो हो/3/
जद्दोजहद में रोज़ गुजरती है जिंदगी
कुछ पल ही इत्मिनान का किस्सा कोई तो हो/4/
मजमा लगाए बैठी है उलझन कतार में
हद से खराब वक़्त में अच्छा कोई तो हो/5/
जी चाहता है दुख कोई अब मुल्तवी न हो
रक्खे संभाल पहलू में ऐसा कोई तो हो/6/
आंखों ने अब तो छोड़ दिया ख्वाब देखना
पहले जो देखे उनमें ही पूरा कोई तो हो/7/
किरदार जिसका सबसे अहम है कहानी में
उसका भी कुछ तो जिक्र हो चर्चा कोई तो हो/8/
तेरा खयाल रखने को मेरा खयाल है
मेरा खयाल रखने को मेरा कोई तो हो/9/
No comments:
Post a Comment