2122 2122 2122 212
दिल अगर कमजोर है बीमार मत देखा करो
जेब खाली है तो फिर बाजार मत देखा करो/1/
हक अगर जमहूरियत का कर न पाए तुम अदा
किसकी बनती है कहां सरकार मत देखा करो/2/
सिर्फ ये देखो पड़ोसी कोई भूखा तो नही
जात मजहब और घराना यार मत देखा करो/3/
चाहते हो चैन से जीना अगर ये जिन्दगी
मशविरा है न्यूज चैनल यार मत देखा करो/4/
मुल्क में अम्नो अमां कायम मुसलसल बस रहे
कौन कैसा है कहाँ किरदार मत देखा करो/5/
भूखे और मासूम बच्चों की छपी तस्वीर है
गर न हो बर्दाश्त तो अखबार मत देखा करो/6/
No comments:
Post a Comment