1212 1122 1212 22
बड़ी अजीब सी उलझन है क्या किया जाये
दिल अपने आप का दुश्मन है क्या किया जाए/1/
उदासियाँ तो लिपटती चिपकती रहतीं हैं
खुशी के साथ में अनबन है क्या किया जाए/2/
कुसूर क्या है हमें कुछ खबर नही हमसे
खफ़ा खफ़ा सा हर इक मन है क्या किया जाए/3/
यूँ कोशिशें तो बहुत की निभाने की सबसे
वो फिर भी हारा है निर्धन है क्या किया जाए/4/
कहीं कहीं दिखी नाराजगी सी रिश्तों में
उन्हें पसंद जो खन खन है क्या किया जाए/5/
पकी कहानी नयी फिर से ठंडे चूल्हे पर
उदास उदास सा बर्तन है क्या किया जाए/6/
पराई कहते सुना बेटियों को जब भी कभी
बहुत दुखी हुआ आंगन है क्या किया जाए/7/
तुम्हें तो देखना है बस मुझे ही छिप के मगर
मुझे तो देखना हर फ़न है क्या किया जाए/8/
खिलौने देख के फिर से मचल उठा है जिगर
अभी भी मुझमें वो बचपन है क्या किया जाए/9/
गिरह में बांध वो देती है हिचकियाँ अपनी
मेरी वो माँ मेरी धड़कन है क्या किया जाए/10/
दिखा न पाया है चेहरे के पीछे का चेहरा
पशेमां खूब वो दर्पन है क्या किया जाए/11/
No comments:
Post a Comment