221 2121 1221 212
कहने को कहते सब रहे जाने नही गये
जाना नही था हमको तो माने नही गये/1/
मंजूर ही नही थी खुशामद गिरी हमे
रूठी जो हमसे जीस्त मनाने नही गये/2/
लहज़ा मिज़ाज नाज़ न बदला जरा कभी
मिल कर के बरसों बाद भी ताने नही गये/3/
महफ़िल जो उनकी छोड़ दिया छोड़ ही दिया
मुड़ के फिर उनसे दिल को दुखाने नही गये/4/
अपनी बला से आया था जैसे चला गया
हम तो किसी को घर से बुलाने नही गये/5/
बर्बादियों का मेरी रहा जिम्मेदार जो
हम दर पे उसके सर को झुकाने नही गये/6/
आंसू बहाने वास्ते वजहें मिली बहुत
उनका खयाल करके बहाने नही गये/7/
ऐसा नही कि हमको मुहब्बत नही रही
पर बात बात पे हम ये जताने नही गये/8/
हालात दिल के हमसे ही मत कीजिए पता
बरसों हम अपने दिल के मुहाने नही गये/9/
No comments:
Post a Comment