2122 1122 1122 22
आग पानी में मुहब्बत नही होने वाली
ये असंभव सी शरारत नही होने वाली/1/
लाख कर ले तू उगाने के जतन शम्स यहां
सुब्ह अब इतनी भी उजलत नही होने वाली/2/
करके भयभीत झुका सकते हो दुनिया लेकिन
इस तरह आपकी इज्जत नही होने वाली/3/
मामला चाहे वो संगीन रहे कितना भी
मुल्क में बंद सियासत नही होने वाली/4/
शाख से अपनी बिछड़ कर कहाँ रह पाया वो
फूल की कल से अयादत नही होने वाली/5/
ये अंधेरा रहे कायम चाहे जब तक भी यहाँ
रात से कोई शिकायत नही होने वाली/6/
जिसको हर शख़्स में बस हिंदू मुसलमान दिखे
ऐसे किरदार की खिदमत नही होने वाली/7/
ख्वाहिशें कर लो मुकम्मल जो अधूरी हैं अभी
मौत के पास तो मोहलत नही होने वाली/8/
No comments:
Post a Comment