212 212 212 212
कौन अच्छा यहाँ है बुरा कौन है
आजकल इतना सब देखता कौन है/1/
एक ही शख्स में अब कई शख्स हैं
कैसे पहचानें कोई खरा कौन है/2/
हर नजर ही बुलंदी पे आकर टिकी
आबले पांव के पूछता कौन है/3/
दर्द यूँ जिंदगी में हैं मिलते बहुत
मुस्कुराना मगर छोड़ता कौन है/4/
मुझसे बढ़कर भी जो जानता है मुझे
मुझमें ही और मेरे सिवा कौन है/5/
ढो रहे अपने कांधो पे अपने ही शव
हो मुसीबत अगर पूछता कौन है/6/
कुछ तो होंगी यकीनन ही मजबूरियाँ
वरगना जीस्त में बेवफा कौन है/7/
खामियाँ यूँ तो तुझ में भी है जिंदगी
पर तुझे यूँ परखता भला कौन है/8/
इक दिसंबर पे कुर्बां हुआ साल है
वक़्त मरता नही कह रहा कौन है/9/
No comments:
Post a Comment