1212 1122 1212 22
नही है कुछ भी बुरा तो बता भला क्या है
ये जिंदगी ने सिवा दर्द के दिया क्या है/1/
कहीं ये दूरियांँ मजबूरियाँ ये तन्हाई
कसर कहीं पे भी बाकी कोई रहा क्या है/2/
अधूरी हसरतें कुछ ख्वाब बे मुकम्मल से
ये ही है हासिली ता उम्र की मिला क्या है/3/
उदासियाँ बे इरादा सी जह्न में ठहरी
किसी उम्मीद से रिश्ता मेरा बता क्या है/4/
बहुत संभाल के खुद को मैं खर्च करता हूँ
कि शाम पूछे है आइना अब बचा क्या है/5/
तसल्लियों के सिवा कुछ न दे सका मुझको
मेरा नसीब भी निकला गरीब सा क्या है/6/
No comments:
Post a Comment