1222 1222 1222 1222
अचंभा है बहुत पहली नजर में प्यार हो जाना
नही आसां किसी के साथ आंखें चार हो जाना/1/
दिलों का मामला है ये नही कोई हँसी ठठ्ठा
बिना समझे बहुत मुश्किल किसी का यार हो जाना/2/
शिकम की आग में जिसने तपाया जिस्म है अपना
न मुमकिन है कहीं उन हौसलों का हार हो जाना/3/
अदब तहज़ीब की तालीम भी बेहद जरूरी है
किताबें चार पढ़ना ही नही संस्कार हो जाना/4/
तसल्ली से भरे कुछ लफ्ज़ मीठे ही सुनाकर तुम
किसी की मुस्कुराहट का कभी आधार हो जाना/5/
जरूरत के मुताबिक फाड़ सबने रख लिया मुझको
तुम्हें मालूम ही क्या है मियां अखबार हो जाना/6/
मिटा पहचान खुद की बस फरेबों में ही जीना है
सहल इतना नही दोहरा कोई किरदार हो जाना/7/
कभी आओ शरीफों से तुम्हें मिलवाएं ऐ वाइज
तुम्हें भी हो खबर क्या है कि हद से पार हो जाना/8/
भरा हो पेट तब ही सूझती है क्रांति की बातें
न भूखों का कभी देखा कहीं यलगार हो जाना/9/
किया है वक़्त से पहले बड़ा हालात ने जिनको
तमन्ना है वही बचपन उन्हें इक बार हो जाना/10/
No comments:
Post a Comment