2122 2122 2122 212
जल्द ही आवाम को ये इत्तिला दी जाएगी
मुस्कुराते पाए जाने पर सजा दी जाएगी/1/
आंसूओं पर भी लगेगी बंदिशें तुम देखना
शर्त खामोशी है जीने की बता दी जाएगी/2/
सांस लेने पर नया इक टेक्स थोपा जाएगा
पहरेदारी अब हवाओं पर लगा दी जाएगी/3/
इल्तिजाओं पर गुजारिश पर लगा पाबंदियांँ
उठने वाली हर खिलाफ़त ही दबा दी जाएगी/4/
हर निवाले पर तुम्हारे होगी इक पैनी नजर
बेबसी तक भी सियासत में भुना दी जाएगी/5/
कागजों पर फिर बटेंगीं बेहिसाबी रोटियाँ
नाम पर मुर्दों के फिर राहत लुटा दी जाएगी/6/
जल्द ही ऐलान होगा ख्वाहिशें अब जुल्म है
आरज़ू उम्मीद पर नोटिस थमा दी जाएगी/7/
रास आये या न आये ये गुलामी आपको
ये मुनादी हर गली नुक्कड़ करा दी जाएगी /8/
No comments:
Post a Comment