2122 2122 2122 212
राहतों से पहले आयी अर्जियाँ गिन लीजिए
बेबसी लाचारगी और सिसकियाँ गिन लीजिए/1/
कागजों पर तो लिखा है ठीक है सब मुल्क में
आप श्मशानों के बाहर अर्थियाँ गिन लीजिए/2/
तल्ख़ियाँ दुश्वारियांँ मजबूरियाँ महरूमियाँ
आप माथे पर शिकन और त्यौरियाँ गिन लीजिए/3/
वक़्त ने हर वक़्त परखा है बड़ी शिद्दत से ही
गर यकीं होता न हो तो पसलियाँ गिन लीजिए/4/
जिंदगी में इन दिनों फुर्सत से हैरांँ हैं सभी
गुजरे कल की हर कमी हर गलतियाँ गिन लीजिए/5/
एक दो ही हादसे होते तो कहते इत्तेफाक
आप अखबारों की हर दिन सुर्खियाँ गिन लीजिए/6/
बंट गए तारीखों में माँ बाप बच्चों के लिए
रह गयी इकतीस को बस गिनतियाँ गिन लीजिए/7/
लाक डाउन में सड़क पर तो नही आया कोई
चेहरे पर शर्मींदगी मजबूरियाँ गिन लीजिए/8/
मिल गया आखिर जो चाहा था नयापन बाँटकर
आप हर घर में नयी अब खिड़कियाँ गिन लीजिए/9/
बंदगी इतनी न की जितनी कि रहमत हो गयी
बरकतों से है लबालब झोलियाँ गिन लीजिए/10/
No comments:
Post a Comment