2122 2122 2122 212
कोई उपलब्धि नही है याद करने के लिए
क्या सुनाऊँ मैं कहानी शाद करने के लिए/1/
जब लगे जैसा बने सहयोग करना चाहिए
वक़्त क्या देखे कोई इमदाद करने के लिए /2/
धूप ले आना जरा सा गांव से आते समय
है बहुत सीलन यहाँ नाशाद करने के लिए/3/
देख रख्खा है बहुत नजदीक से हमने जहाँ
रह गया अब कुछ नही उस्ताद करने के लिए/4/
क्या जरूरत है बहानों की अगर है छोड़ना
मौन ही पर्याप्त है आजाद करने के लिए/5/
जी रहे हो तो करो कुछ मसअलों पर बात भी
गलतियों पर हर समय प्रतिवाद करने के लिए/6/
जिम्मेदारी ने रखा जिंदा अभी तक वरगना
कौन जीता है समय बर्बाद करने के लिए/7/
हैं चकित अपने दुखों पर बे असर है सान्त्वना
जाएं अब किस दर भला फरियाद करने के लिए/8/
दूरियाँ बेशक रहे उम्मीद बस मत छोड़िए
कुछ रहे जरिया सदा संवाद करने के लिए/9/
No comments:
Post a Comment