2122 1122 1122 22
वक़्त के साथ शरारत भी चली जाएगी
दिन ढलेगा तो ये रंगत भी चली जाएगी/1/
एक जैसा न हमेशा ही रहेगा मौसम
इक न इक दिन तो ये बरकत भी चली जाएगी/2/
फ़र्क पड़ने जो लगेगा कभी आहों से तो
देख लेना कि ये जिल्लत भी चली जाएगी/3/
रूठ कर जाने लगी आस कोई जो दिल की
साथ ही उसके मुहब्बत भी चली जाएगी/4/
अपनी कीमत का सही जिसको न अंदाजा हो
उसकी बेमोल ही इज्जत भी चली जाएगी/5/
जात मजहब ने बड़ी मुश्किलें कर रक्खी हैं
बाद मरने के अदावत भी चली जाएगी/6/
रह गया है वो अभी और जरा सा मुझमें
धीरे धीरे ही ये निस्बत भी चली जाएगी/7/
जाने क्यूँ बात बिना बात खफ़ा होते हैं
हम न होंगे तो शिकायत भी चली जाएगी/8/
जिंदगी मौन यूँ रह कर नही आसान मियां
दौर बदलेगा ये आदत भी चली जाएगी/9/
घर के हालात इजाजत तो नही देते मगर
जीयो जी भर के ये गुरबत भी चली जाएगी/10/
मेरे हिस्से में तो कुछ भी नही चाहा मैने
साथ ही मेरे मुसीबत भी चली जाएगी/11/
सुब्ह होती है तो अखबार से डर लगता है
वक़्त गुजरेगा ये वहशत भी चली जाएगी/12/
No comments:
Post a Comment